कानपुर/घाटमपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के सजेती थाना क्षेत्र के घुराऊपुर गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर अपने देवर का गुप्तांग काटने का आरोप है। घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल युवक को हैलट अस्पताल किया गया रेफर
घायल युवक की पहचान रजनीश (25), पुत्र रामस्वरूप, निवासी घुराऊपुर, थाना सजेती के रूप में हुई है। घटना के बाद युवक लहूलुहान हालत में था। परिजन उसे घाटमपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शाम करीब 7:30 बजे की घटना
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना शाम करीब 7:30 बजे पीआरवी 6131 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई। घायल युवक को उसके पिता रामस्वरूप अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
सजेती थाना प्रभारी अनुज के मुताबिक, पीआरवी 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, परिजनों या पीड़ित की ओर से शिकायत मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।



