मराठी सिनेमा के मशहूर कपल आदिनाथ कोठारे और उर्मिला कानेटकर ने अपनी शादी खत्म करने का ऐलान कर दिया है। दोनों ने 16 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी करते हुए बताया कि करीब 15 साल साथ रहने के बाद उन्होंने आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से अलग होने का फैसला किया है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस के बीच मायूसी छा गई है।
आदिनाथ कोठारे और उर्मिला कानेटकर ने अपने बयान में कहा कि भले ही बतौर कपल उनका सफर अब खत्म हो रहा है, लेकिन माता-पिता के रूप में उनकी जिम्मेदारी हमेशा बनी रहेगी। दोनों ने साफ किया कि उनकी बेटी जिजा उनकी पहली प्राथमिकता है और वे मिलकर उसकी परवरिश करेंगे।
एक-दूसरे के प्रति सम्मान और साथ बिताए गए वर्षों की अहमियत को भी बताया
कपल ने अपने संयुक्त बयान में लिखा कि काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने यह फैसला लिया है। उन्होंने एक-दूसरे के प्रति सम्मान और साथ बिताए गए वर्षों की अहमियत को भी बताया। उन्होंने मीडिया और फैंस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा लोगों का प्यार और समर्थन मिला है। आदिनाथ और उर्मिला ने अपने बयान में लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में यह उनका एकमात्र बयान होगा और आगे वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। बता दें कि आदिनाथ कोठारे और उर्मिला कानेटकर की मुलाकात साल 2006 में फिल्म ‘शुभ मंगल सावधान’ के सेट पर हुई थी। इसके बाद दोनों ने 2011 में शादी की थी। दोनों मराठी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में शामिल रहे हैं।
कुछ समय से दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आ रही थीं
पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आ रही थीं। साल 2025 के आखिर में ऐसी चर्चाएं थीं कि दोनों अलग-अलग रह रहे हैं, हालांकि उस समय कपल ने इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। वर्कफ्रंट की बात करें तो आदिनाथ कोठारे जल्द ही नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में वह भरत के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है।



