दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उनकी फिल्में रिलीज होते ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिलता है। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि फिल्मों में आने से पहले रजनीकांत बेंगलुरु ट्रांसपोर्ट सर्विस में बस कंडक्टर की नौकरी करते थे।
रजनीकांत ने अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम हासिल किया। अब खबर है कि उनके जीवन के इसी प्रेरणादायक सफर को बड़े पर्दे पर दिखाने की तैयारी चल रही है।
रजनीकांत की ऑटोबायोग्राफी पर बनेगी फिल्म?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रजनीकांत की ऑटोबायोग्राफी पर आधारित एक फीचर फिल्म बनाने की चर्चा चल रही है। हालांकि अभी तक इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि रजनीकांत अपनी आत्मकथा में जिंदगी के कई अहम पहलुओं को शामिल कर रहे हैं। इसमें उनके निजी जीवन, फिल्मी करियर, संघर्ष, सफलता और यादगार पलों का जिक्र होगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रजनीकांत ने इस किताब पर फिल्म बनाने को लेकर अपने करीबी लोगों से बातचीत भी की है। हालांकि फिल्म को लेकर अभी अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।
बेटी सौंदर्या ने भी किया था खुलासा
इससे पहले रजनीकांत की बेटी सौंदर्या ने भी पुष्टि की थी कि उनके पिता की ऑटोबायोग्राफी पर काम चल रहा है।उन्होंने बताया था कि इस किताब में रजनीकांत के बेंगलुरु में बस कंडक्टर के तौर पर संघर्ष से लेकर कॉलीवुड के सुपरस्टार बनने तक के सफर को शामिल किया जाएगा।
‘जेलर 2’ में नजर आएंगे रजनीकांत
वर्कफ्रंट की बात करें तो रजनीकांत जल्द ही फिल्म ‘जेलर 2’ में नजर आएंगे। नेल्सन दिलीप कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



