नई दिल्ली: देश भर के करोड़ों वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं के लिए निजी क्षेत्र की दिग्गज तेल कंपनी ‘नायरा एनर्जी’ (Nayara Energy) की तरफ से एक बेहद राहत भरी और बड़ी खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई स्थिरता का सीधा फायदा उपभोक्ताओं को देते हुए नायरा एनर्जी ने अपने पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी कटौती करने का ऐलान किया है। कंपनी ने पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बंपर कटौती की है।
गौरतलब है कि नायरा एनर्जी के इस कदम से देश भर में फैले उसके रिटेल आउटलेट्स पर तेल भरवाने वाले ग्राहकों की जेब का बोझ काफी कम हो जाएगा। बाजार के जानकारों का मानना है कि कच्चे तेल के वैश्विक दामों में लंबे समय से जारी उतार-चढ़ाव के थमने और कीमतें स्थिर होने की वजह से कंपनी ने यह बड़ा नीतिगत फैसला लिया है।
सरकारी तेल कंपनियों पर बढ़ेगा दबाव
देश भर में नायरा एनर्जी के लगभग 7,000 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं। निजी क्षेत्र की इस बड़ी कटौती के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि देश की प्रमुख सरकारी तेल कंपनियां जैसे IOCL, BPCL और HPCL भी आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए अपने दामों में संशोधन कर सकती हैं। डीजल के दाम ₹3 कम होने से देश में माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स की लागत में भी गिरावट आने की उम्मीद है।



