कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को एक बार फिर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस बार धमकी भरे पत्र में कुछ कर्मचारियों के मकान नंबर और गली नंबर तक का जिक्र किया गया है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इससे पहले भी कश्मीरी पंडितों को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं।

पत्र में कश्मीरी पंडितों पर लगाए आरोप

जानकारी के मुताबिक, ऑनलाइन साझा किए गए एक पत्र में कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को निशाना बनाया गया है। पत्र में उन्हें कथित तौर पर “गद्दार” बताया गया और आरोप लगाया गया कि वे दिल्ली में बैठे लोगों के इशारे पर काम कर रहे हैं।

यह धमकी भरा पत्र ULC ग्रुप के नाम से सामने आया है और इसे अहमद बिलाल के नाम से साझा किया गया है। पत्र में दावा किया गया है कि पहले भी चेतावनी दी गई थी और कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल का नाम आया सामने

सूत्रों के अनुसार, यह पत्र यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल (ULC) की ओर से भेजे जाने का दावा किया जा रहा है। इसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक मोर्चे के तौर पर बताया जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं।

पहले भी दी जा चुकी हैं धमकियां

इससे पहले भी धमकी भरे पत्रों के जरिए कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को निशाना बनाया गया था। पुराने पत्रों में लोगों के नाम और टेलीफोन नंबर तक साझा किए गए थे। अब नए पत्र में घरों से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

ऑनलाइन पोल के जरिए भी धमकी देने की कोशिश

कुछ समय पहले कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को धमकी देने और हिंसा को लेकर समर्थन जुटाने के लिए एक ऑनलाइन पोल शुरू किए जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद एक टेलीग्राम अकाउंट के खिलाफ साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

नई दिल्ली में साइबर-उत्पीड़न और आतंकवाद विरोधी धाराओं के तहत शिकायत दर्ज कर डिजिटल फॉरेंसिक जांच शुरू करने की मांग की गई है। सुरक्षा एजेंसियां अब धमकी के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।

Deoria में AK-47 लिखे झंडे का वीडियो वायरल, पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार

शेयर करना
Exit mobile version