डेस्क : कन्नौज में एक वाहन से बरामद सोने को लेकर सियासी विवाद शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं कन्नौज पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हुए इसे भ्रामक और निराधार बताया है।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि कन्नौज में गाड़ी की तलाशी के दौरान 1 किलो के 26 सोने के बिस्कुट बरामद हुए थे, लेकिन पुलिस ने आधिकारिक रिकॉर्ड में केवल 10 बिस्कुट ही दिखाए। सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसते हुए लिखा, “दस दिखाया, सोलह गटकाया ‘भाजपा’ की पुलिस की माया।”

अखिलेश यादव ने आशंका जताई कि कहीं बरामद सोने को ‘पीली धातु’ बताकर सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज न कर दिया जाए और बाद में असली सोना बदल न दिया जाए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े किए।

वहीं, आरोपों के बाद कन्नौज पुलिस ने अपना आधिकारिक बयान जारी किया। पुलिस ने कहा कि कार्रवाई के दौरान कुल 10 सोने के बिस्कुट ही बरामद किए गए थे। पुलिस के अनुसार, पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत की गई और तलाशी एवं बरामदगी के समय GST टीम को भी मौके पर बुलाया गया था।

पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई है। कन्नौज पुलिस ने कहा कि 26 सोने के बिस्कुट बरामद होने या बरामदगी में किसी तरह की हेराफेरी किए जाने के आरोप पूरी तरह असत्य, निराधार और भ्रामक हैं।फिलहाल सोने की बरामदगी को लेकर सपा और पुलिस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

महिला रसोइयों को CM योगी की सौगात, सम्मान मिलने के बाद महिलाओं ने कही बड़ी बात...

शेयर करना
Exit mobile version