लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र के मूड़ी गांव निवासी दानिश (40) की महाराष्ट्र में गुड़ प्लांट पर काम करने के दौरान दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर गुड़ बनाने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह खौलती कड़ाही में गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। साथी मजदूरों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
15 मजदूरों के साथ महाराष्ट्र गया था दानिश
परिजनों के मुताबिक, दानिश गांव के करीब 15 अन्य श्रमिकों के साथ महाराष्ट्र के एक गुड़ प्लांट में काम करने गया था। शुक्रवार को काम के दौरान अचानक हुए हादसे से प्लांट में अफरातफरी मच गई। मजदूरों ने तुरंत उसे कड़ाही से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV में कैद हुआ हादसे का पूरा घटनाक्रम
गुड़ प्लांट में हुई पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। महाराष्ट्र पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे गांव मूड़ी भेज दिया। शव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया।
CCTV फुटेज देखने के बाद शांत हुए परिजन
दानिश का शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने उसके साथ गए मजदूरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर ईसानगर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को हादसे का सीसीटीवी फुटेज दिखाया। फुटेज देखने के बाद परिजन शांत हो गए।
सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र के गुड़ प्लांट में दुर्घटना हुई थी। शव गांव पहुंचने पर एहतियात के तौर पर पुलिस टीम भेजी गई थी। मामले में किसी के खिलाफ शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।



