आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में चार लोगों की दर्दनाक हत्या और उसके बाद आरोपी के एनकाउंटर की सनसनीखेज घटना में अब एक नया और बेहद भावुक पहलू सामने आया है। भारत समाचार से खास बातचीत के दौरान आरोपी अरविंद की मां ने परिवार के अतीत से जुड़े ऐसे कड़वे सच साझा किए हैं, जो इस पूरी त्रासदी के पीछे छिपे गहरे मानसिक तनाव की ओर इशारा करते हैं।
मां ने रोते हुए बताया कि अरविंद का जीवन बीते कई वर्षों से लगातार दुखों और हादसों से घिरा हुआ था। साल 2017 में उसकी पत्नी बबीता के साथ गांव के ही दबंगों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि, अदालत से दोषियों को सजा मिल चुकी थी, लेकिन इस हादसे ने अरविंद को अंदर तक झकझोर कर रख दिया था। इसके कुछ समय बाद ही उसके बड़े भाई गुड्डू की गांव के लोगों ने हत्या कर दी थी और खुद अरविंद का भी अपहरण हुआ था।
लगातार मिले इन हादसों से अरविंद का मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा था। परिवार उसका इलाज कराने के साथ-साथ राहत के लिए हवन और पूजा-पाठ का सहारा ले रहा था। हाल ही में उसकी अच्छी सेहत की मन्नत मानकर पत्नी बबीता ने घर में पांच दिन की विशेष पूजा रखी थी। हालांकि, अरविंद इस पूजा का लगातार विरोध कर रहा था। इसी तनाव और दिमागी उलझन के बीच यह दुखद घटना घट गई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।



