बिहार के बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता के रहस्यमयी ढंग से लापता होने के साथ-साथ घर में रखी नकदी और लाखों रुपये मूल्य के आभूषण भी गायब हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित पति की शिकायत पर स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

सूरत में नौकरी करता है पति
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, पीड़िता का पति गुजरात के सूरत स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है और रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है। घर पर उसकी बुजुर्ग मां और पत्नी ही रहती थीं। घटना की शुरुआत तब हुई जब एक अगस्त की सुबह पति की मां अपनी बहू के कमरे में गईं, तो वह वहां मौजूद नहीं थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

अलमारी से नकदी और जेवर गायब
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने कमरे की तलाशी ली और अलमारी की जांच की, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद और करीब सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। काफी खोजबीन के बाद भी जब पत्नी का कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने इसकी सूचना सूरत में रह रहे पति को दी। सूचना मिलते ही पति तुरंत घर पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद कृष्णाब्रह्म थाने पहुंचकर अपनी पत्नी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस की जांच जारी
इस मामले पर जानकारी देते हुए कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि पति के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस घटना के सभी पहलुओं—पारिवारिक विवाद और अन्य एंगल से गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और सच सामने आ सकेगा।

Atiq Ahmed के बेटों को बड़ी राहत,उमर और अली को मिली पैरोल, जनाजे में होंगे शामिल !

शेयर करना
Exit mobile version