मौसम विभाग ने हाल ही में भारत के विभिन्न हिस्सों में आगामी दिनों के लिए मौसम की स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि इस समय देश भर में बारिश के लंबे दौर के बाद प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ेगा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर भारत में तापमान 38 से 40 डिग्री तक पहुंचने वाला है।
गर्मी में होगी 4 से 6 डिग्री तक वृद्धि
मौसम विभाग ने बताया कि 13 से 19 अप्रैल तक उत्तर पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इस दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तापमान 4 से 6 डिग्री तक बढ़ेगा। मध्य प्रदेश में भी 16 अप्रैल तक तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी, जबकि छत्तीसगढ़ में तापमान में 4 डिग्री तक वृद्धि होने का अनुमान है।
लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी जारी की है कि 14 अप्रैल से कई जगहों पर लू चलने की संभावना है। विशेष रूप से सौराष्ट्र और कच्छ के इलाकों में 13 और 14 अप्रैल को, झारखंड में 17 से 18 तारीख को, मध्य प्रदेश में 16 से 18 अप्रैल तक, छत्तीसगढ़ में 16 से 19 तक और कर्नाटक में 15 से 17 अप्रैल तक हीटवेव का अलर्ट रहेगा।
सिक्किम और अरुणाचल में बारिश का अनुमान
14 अप्रैल को सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा, असम में 17 से 19 अप्रैल और मेघालय में गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने सभी नागरिकों से गर्मी से बचने के उपाय अपनाने की सलाह दी है और अधिक गर्मी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचने के लिए सतर्क रहने की चेतावनी दी है।



