ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के जलपुरा में हुई नवविवाहिता दीपिका (मोनिका) नागर की संदिग्ध मौत और दहेज हत्या के मामले में ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए फरार चल रहे दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मृतका की सास पूनम और चचेरा ससुर विनोद शामिल हैं।
बता दें, इस संवेदनशील मामले में पुलिस दहेज उत्पीड़न और हत्या की धाराओं के तहत पहले ही मृतका के पति रितिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब सास और चचेरे ससुर की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में जेल जाने वाले आरोपियों की संख्या चार हो गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से ही ये दोनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने बंधाया ढाँढस
इस दुखद घटना के बाद दादरी क्षेत्र के स्थानीय विधायक तेजपाल नागर पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक तेजपाल नागर ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सिंडिकेट या परिवार के अन्य सदस्यों की संलिप्तता की भी जांच हो रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद कुछ अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



