बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान के परिवार से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक खबर सामने आई है। अभिनेता के भाई हैदर अली खान इस समय जिंदगी के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वह पाई-पाई के मोहताज हो गए हैं। इस बात का खुलासा किसी और ने नहीं बल्कि उनकी एक्स-वाइफ और जानी-मानी टीवी व बॉलीवुड एक्ट्रेस इवा ग्रोवर ने एक इंटरव्यू के दौरान किया है।
हाल ही में दिए एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में एक्ट्रेस इवा ग्रोवर ने अपने एक्स-हसबैंड हैदर अली की मौजूदा हालत पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि आज हैदर के पास रहने के लिए अपना खुद का घर तक नहीं है और वह दो वक्त की रोटी के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। कभी कोई दोस्त उनकी मदद कर देता है, तो कभी वह किसी चॉल में रहने को मजबूर हैं। इवा ने कहा कि इंसानियत के नाते उन्हें हैदर की इस हालत को देखकर बहुत दुख होता है।
गलत संगत और स्किजोफ्रेनिया का दर्द
इवा ने इंटरव्यू में आगे बताया कि गलत लोगों की संगत ने हैदर की जिंदगी को पूरी तरह तबाह कर दिया है। उनके आसपास ऐसे लोग हैं जो उन्हें लगातार शराब पिलाते हैं और उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। अपनी शादी के दिनों को याद करते हुए इवा ने खुलासा किया कि साल 2000 में शादी के महज तीन दिन बाद ही उन्हें घरेलू हिंसा का शिकार होना पड़ा था। बाद में उन्हें पता चला कि हैदर ‘स्किजोफ्रेनिया’ जैसी गंभीर मानसिक बीमारी से पीड़ित हैं।
18 दिन की डेटिंग के बाद की थी शादी
कई लोकप्रिय टीवी शोज और फिल्मों में नजर आ चुकीं इवा ग्रोवर ने बताया कि उन्होंने महज 18 दिनों की डेटिंग के बाद हैदर से शादी का फैसला किया था, जिसके खिलाफ उनकी मां थीं। हालांकि, शादी के बाद लगातार 5 साल तक प्रताड़ना और घरेलू हिंसा सहने के बाद आखिरकार उन्होंने साल 2000 के बाद तलाक ले लिया और अपने परिवार के पास लौट आईं। आज हैदर की इस दयनीय स्थिति ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।



