डेस्क : फिल्म ‘आवारापन 2’ अब रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है। करीब 19 साल बाद इमरान हाशमी अपने चर्चित किरदार शिवम के साथ पर्दे पर वापसी कर रहे हैं।
फिल्म में इमरान हाशमी के अलावा दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। रिलीज से पहले फिल्म को सेंसर बोर्ड के पास प्रमाणन के लिए भेजा गया था, जहां इसे UA 16+ सर्टिफिकेट दिया गया है।
2 घंटे 20 मिनट की होगी फिल्म
बता दे कि CBFC की ओर से जारी सर्टिफिकेट के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ की अवधि करीब 2 घंटे 20 मिनट है। फिल्म को 5 अगस्त को प्रमाणपत्र मिला है। इससे पहले आई ‘आवारापन’ का रनटाइम लगभग 2 घंटे 13 मिनट था।
वही सेंसर बोर्ड के निर्देश के बाद फिल्म में कुछ बदलाव भी किए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 9 सीन्स में एडिटिंग की गई है। इनमें ड्रग्स के इस्तेमाल और बच्चों की तस्करी से जुड़े डिस्क्लेमर शामिल किए गए हैं।
हिंसक दृश्यों में भी किए गए बदलाव
फिल्म के कुछ हिंसक दृश्यों में भी कट लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि एक हिंसक सीन की अवधि को कम किया गया है। इसके अलावा ड्रग्स से जुड़े एक सीन और एंड क्रेडिट्स में भी बदलाव किए गए हैं।
14 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। 2007 में आई पहली फिल्म ‘आवारापन’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई थी, लेकिन इमरान हाशमी के किरदार शिवम को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब सीक्वल की सफलता पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



