उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (हीट वेव) का असर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने 24 अप्रैल से 26 अप्रैल तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन तीन दिनों के दौरान, प्रदेश के विभिन्न जिलों में तापमान में जबरदस्त वृद्धि हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

लू का असर इन जिलों में होगा

मौसम विभाग के अनुसार, 24 अप्रैल से 26 अप्रैल तक बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर जैसे जिलों में लू का प्रभाव देखने को मिल सकता है।

स्वास्थ्य पर पड़ेगा व्यापक असर

IMD ने चेतावनी दी है कि उष्ण लहर का सामान्य जनजीवन पर गंभीर असर पड़ सकता है। खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही, मजदूर वर्ग, औद्योगिक श्रमिक, खनन श्रमिक और दिहाड़ी मजदूरों के लिए भी लू का खतरा बढ़ सकता है। इन लोगों को डिहाईड्रेट होने और लू लगने का जोखिम ज्यादा रहेगा।

पशुधन और कृषि पर असर

पशुधन और खड़ी फसलों पर लू का असर मामूली हो सकता है, लेकिन लगातार गर्मी बनी रहने पर इसके जोखिम में वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे शाम के समय हल्की सिंचाई करते रहें ताकि फसलों में नमी बनी रहे।

क्या करें: IMD की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को खासतौर पर दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है। हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनने, सिर को टोपी, कपड़े या छतरी से ढकने और शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए तरल पदार्थ का सेवन करने की सलाह दी है। वहीं, किसानों को अपने कामों को मौसम के अनुसार समायोजित करने और पशुओं को दिन के समय बाहर न निकालने की सलाह दी गई है।

UP Board Result 2026 :यूपी बोर्ड की 10वी परीक्षा में सीतापुर की कशिश वर्मा बनी टॉपर

शेयर करना
Exit mobile version