अगर आपके पास अभी भी 2000 रुपये का नोट मौजूद है, तो उसे लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने स्पष्ट किया है कि 2000 रुपये का नोट अभी भी पूरी तरह से वैध यानी लीगल टेंडर है। हालांकि इसे सर्कुलेशन से बाहर कर दिया गया है, लेकिन लोग अब भी इसे आरबीआई के जरिए बदल सकते हैं या अपने बैंक खाते में जमा करा सकते हैं।

आरबीआई के मुताबिक, 2000 रुपये के ज्यादातर नोट वापस आ चुके हैं, लेकिन कुछ नोट अभी भी लोगों के पास मौजूद हैं। केंद्रीय बैंक लगातार इन नोटों को वापस लेने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

98 फीसदी से ज्यादा नोट लौटे वापस

आरबीआई ने मई 2023 में 2000 रुपये के नोट को वापस लेने का फैसला किया था। उस समय बाजार में करीब 3.56 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 2000 रुपये के नोट चलन में थे।

आरबीआई के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 तक इनमें से सिर्फ 5451 करोड़ रुपये मूल्य के नोट ही जनता के पास बचे हैं। यानी अब तक कुल 98.47 फीसदी नोट वापस आरबीआई के पास पहुंच चुके हैं।

बैंक शाखाओं में नहीं बदले जा सकेंगे नोट

2000 रुपये के नोट बदलने की सामान्य बैंक शाखाओं वाली सुविधा की समयसीमा 7 अक्टूबर 2023 को खत्म हो चुकी है। इसके बाद अब नोट बदलने या जमा करने के लिए आरबीआई की ओर से तय प्रक्रिया अपनानी होगी।

RBI ऑफिस जाकर बदल सकते हैं नोट

अगर आपके पास 2000 रुपये का नोट है, तो आप देशभर में मौजूद आरबीआई के 19 इश्यू ऑफिस में जाकर इसे बदल सकते हैं या इसकी राशि अपने बैंक खाते में जमा करा सकते हैं।

आरबीआई के ये कार्यालय 19 मई 2023 से यह सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।

इंडिया पोस्ट के जरिए भी जमा करा सकते हैं नोट

अगर आपके लिए आरबीआई कार्यालय जाना संभव नहीं है, तो आप डाकघर की मदद से भी 2000 रुपये के नोट जमा करा सकते हैं।

इसके लिए आप किसी भी नजदीकी डाकघर से इंडिया पोस्ट के जरिए नोट आरबीआई के इश्यू ऑफिस भेज सकते हैं। नोट मिलने के बाद उसकी रकम सीधे आपके बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।

बता दें, 19 RBI इश्यू ऑफिस अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम में स्थित हैं।

Akhilesh से मिलने के बाद शंकराचार्य Avimukteshwaranand का ऐलान, गौ रक्षा और रामधन गबन पर भी भड़के

शेयर करना
Exit mobile version