डेस्क : बैंकॉक से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान (AI 2335) को गुरुवार शाम टेकऑफ से ठीक पहले रनवे के पास इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा। कॉकपिट क्रू को विमान में तकनीकी खराबी का पता चला था, जिसके बाद पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उड़ान को रद्द करने का निर्णय लिया। इस विमान में 250 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें उनके निर्धारित समय से लगभग 24 घंटे बाद शुक्रवार शाम को सुरक्षित दिल्ली लाया जा सका।
उड़ान रद्द होने के बाद सोशल मीडिया पर तकनीकी खराबी को हाइड्रोलिक सिस्टम की गड़बड़ी बताया जा रहा था, लेकिन एअर इंडिया ने इन खबरों से साफ इनकार किया। एयरलाइन का कहना है कि गड़बड़ी को उसी दिन 2 से 3 घंटे के भीतर ठीक कर लिया गया था और अगले दिन उसी विमान का संचालन भी किया गया। हालांकि, यात्रियों के अनुसार जब विमान टेकऑफ के लिए रनवे की तरफ बढ़ रहा था, तब अचानक तेज झटके के साथ ब्रेक लगाए गए। सीट बेल्ट बंधी होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद रनवे पर रेस्क्यू गाड़ियां और एम्बुलेंस पहुंच गई थीं।
ब्रेक लगने के बाद यात्रियों को काफी देर तक विमान के अंदर ही बैठना पड़ा, जिसके बाद उन्हें टर्मिनल पर लाया गया। एयरलाइन ने बिजनेस क्लास के यात्रियों को उसी रात दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेज दिया, जबकि इकोनॉमी क्लास के यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई। एअर इंडिया के मुताबिक, तकनीकी रूप से विमान उसी दिन तैयार हो गया था, लेकिन क्रू मेंबर की ड्यूटी का समय पूरा होने के कारण उड़ान अगले दिन ही संभव हो सकी।



