उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की अपील की। लखनऊ के विधान भवन में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता की रक्षा करना किसी एक व्यक्ति, समुदाय या जाति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक दायित्व है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1947 में मिली आजादी लंबे संघर्ष, बलिदान और महान स्वतंत्रता सेनानियों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारत ने गुलामी की मानसिकता को लगातार नकारा है और देश को आगे बढ़ाने के लिए हर नागरिक को अपने क्षेत्र में योगदान देना होगा।

सीएम योगी ने कहा कि आजादी केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका अर्थ अशिक्षा, गरीबी, अराजकता, असमानता और पिछड़ेपन से मुक्ति भी है। उन्होंने कहा कि पिछले दशकों में देश ने कई चुनौतियों का समाधान किया है और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देशभर में 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकाला गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का विस्तार हुआ है और सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) के जवानों ने 21 तोपों की सलामी दी।

स्वतंत्रता दिवस पर CM Yogi का संदेश, बोले- विश्वस्तरीय पब्लिक ट्रांसपोर्ट देश में उपलब्ध

शेयर करना
Exit mobile version