लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद झकझोर देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रही एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का मामला प्रकाश में आया है। जौनपुर से दिल्ली जा रही पीड़िता को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक परिचित युवक ने झांसा देकर उतारा और फिर दो अन्य साथियों के साथ मिलकर तीन दिनों तक उसे बंधक बनाकर रखा और हैवानियत की।
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर किया बेहोश
जानकारी के अनुसार, छात्रा जौनपुर से दिल्ली जा रही थी, तभी चारबाग रेलवे स्टेशन पर उसके एक परिचित लड़के ने उसे ट्रेन से नीचे उतार लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने युवती को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
बेहोशी की हालत में आरोपी उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गए। पीड़िता का आरोप है कि वहां तीन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और इस खौफनाक वारदात को लगातार तीन दिनों तक अंजाम दिया जाता रहा। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़िता दिल्ली पहुंची।
दिल्ली में शून्य (Zero) FIR के बाद लखनऊ में मुकदमा दर्ज
दिल्ली पहुंचने के बाद पीड़िता ने आनंद विहार थाने में आपबीती सुनाई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की। चूंकि घटनास्थल लखनऊ था, इसलिए आनंद विहार पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना लखनऊ पुलिस को दी।
लखनऊ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत और गंभीर धाराओं में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपियों में शिवम और शनि यादव शामिल हैं, जबकि अन्य के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
आरोपियों की तलाश में दबिश, 5 टीमें गठित
इस मामले पर लखनऊ पुलिस प्रशासन बेहद सख्त रुख अपना रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के लिए कुल 5 विशेष टीमों का गठन किया गया है। लखनऊ से लेकर जौनपुर तक आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



