उत्तर प्रदेश में लगातार सामने आ रही हत्या और संदिग्ध मौत की घटनाओं ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के बीच प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हत्या, आत्महत्या और संदिग्ध मौत के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस कई मामलों में जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है।

लखनऊ में महिला की मौत, पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

लखनऊ के पारा क्षेत्र में महिला विनीता सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतका के भाई ने पति और ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के पति अवनीश कैंट थाने में उपनिरीक्षक पद पर तैनात हैं। विनीता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाने में लगी है।

पानी के विवाद में लखनऊ में व्यक्ति की हत्या

लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर टिकनिया मऊ में सरकारी नल के पानी को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 40 वर्षीय आजाद के सिर पर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए PAC तैनात की गई है। पुलिस के पहुंचने से पहले कई आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नदी में मिला महिला का शव, पति और ससुराल पर हत्या का आरोप

लखनऊ के इटौंजा क्षेत्र में महिला अंजली का शव नदी में मिला। परिजनों ने पति, सास और ससुर पर हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। अंजली के पति ने रहीमाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। फोटो देखकर पति ने शव की पहचान की। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है।

शाहजहांपुर में चाकू से गोदकर युवक की हत्या

शाहजहांपुर के कांट क्षेत्र के कमलनयनपुर में युवक गौतम की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद भीड़ ने आरोपी युवक समीर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

गाजियाबाद में रिजवाना हत्याकांड का खुलासा

गाजियाबाद के लोनी में रिजवाना हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, बात नहीं करने से नाराज पूर्व पड़ोसी फैजान ने रिजवाना की हत्या की। आरोप है कि फैजान ने घर में घुसकर रिजवाना का उसके बेटे के सामने गला घोंट दिया। लोनी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आजमगढ़ में युवक की संदिग्ध मौत

आजमगढ़ के बरदह क्षेत्र में ससुराल में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लखीमपुर खीरी में नवविवाहिता की हत्या

लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के गांव सहसपुर में नवविवाहिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। एकतरफा प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार करते हुए आरोपी प्रदीप और अन्य की गिरफ्तारी की मांग की है।

शामली में पूर्व कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या

शामली के कांधला थाना क्षेत्र के नाला गांव में पूर्व कबड्डी खिलाड़ी मोहना उर्फ मोनू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिन निकलते ही हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है। फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच में जुटी है।

सीतापुर में झूठी शान में बहन की हत्या का आरोप

सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के बजेहरा गांव में झूठी शान में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेम संबंध से नाराज भाई ने बांके से बहन का सिर काटकर हत्या कर दी। किशोरी 22 जुलाई को प्रेमी के साथ फरार हुई थी और कोर्ट में बयान के बाद घर वापस आई थी।

किशोरी के पिता ने बेटे और दो अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। प्रेमी की बहन और बहनोई पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

प्रयागराज में झाड़ियों में मिला युवक का शव

प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के तिलक के पुरवा गांव में युवक का शव झाड़ियों में मिला। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। शव के पास शराब की बोतल और पैसे मिले हैं। शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

शाहजहांपुर में आरोपी से पुलिस मुठभेड़

शाहजहांपुर में युवक गौतम की चाकू से हत्या के मामले में आरोपी समीर से पुलिस की मुठभेड़ हुई। आरोपी के पैर में गोली लगी है। चाकू बरामद कराने के लिए पुलिस आरोपी को लेकर गई थी। इस दौरान चाकू लगने से एक सिपाही भी घायल हुआ।

मुरादाबाद में NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या

मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र में NEET की तैयारी कर रहे छात्र अनस का शव पेड़ से लटका मिला। बताया गया कि केमिस्ट्री में कम अंक आने से वह परेशान था। अनस अमरोहा का रहने वाला था।

रायबरेली में पत्नी ने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या का आरोप

रायबरेली के डलमऊ क्षेत्र में पत्नी द्वारा पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हत्या के बाद शव घर के अंदर दफना दिया गया। शव से बदबू आने के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया और आरोपी पत्नी रीता को हिरासत में लिया है।

हापुड़ में भीम सिंह हत्याकांड में कार्रवाई की मांग

हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव बुकलाना में भीम सिंह हत्याकांड के आठ दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। एएसपी के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार किया।

मेरठ में मां पर बच्चे की हत्या कराने का आरोप

मेरठ की पंचशील कॉलोनी में 6 महीने के बच्चे की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि मां शबाना ने प्रेमी विशाल से बच्चे की हत्या कराई। बताया गया कि प्रेमी ने बच्चे को नाले में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने विशाल को गिरफ्तार किया है।

बलरामपुर में परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी

बलरामपुर के देहात थाना क्षेत्र के झोहन गांव में पति-पत्नी और दो बच्चों के शव घर में मिले। चारों की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस को वारदात स्थल से दो कट्टे और कई खोखे मिले हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

कौशाम्बी में युवक की संदिग्ध मौत

कौशाम्बी के कड़ा धाम थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में युवक पिंटू उर्फ रघुराज का शव घर में मिला। परिजनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई ने भाभी पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

राम मंदिर चढ़ावा गबन केस में बड़ा अपडेट! नई SIT की जांच शुरू, चंपत राय समेत कई लोगों को नोटिस

शेयर करना
Exit mobile version