लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने मंगलवार को अपने अगले राजनीतिक कदम का ऐलान कर दिया। प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अब दिव्या मित्तल ने राजनीति में आने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं, बल्कि जनता के साथ होगी।
दिव्या मित्तल ने कहा कि वह “जनता की आवाज” बनेंगी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “चलिए हिसाब मांगते हैं।” साथ ही उन्होंने कहा कि जनता को हिसाब चाहिए, न्याय चाहिए और डरना नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी।
दिव्या मित्तल 2013 बैच की IAS अधिकारी रही हैं। करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद उन्होंने अगस्त 2026 में इस्तीफा दिया था। उनका इस्तीफा सितंबर में मंजूर हुआ, जिसके बाद वह प्रशासनिक जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुक्त हो गईं। दिव्या मित्तल उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और देवरिया समेत कई जिलों में जिलाधिकारी रह चुकी हैं। मिर्जापुर में अपने कार्यकाल के दौरान दूरस्थ गांव तक पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाने के काम को लेकर भी वह चर्चा में रही थीं।
इस्तीफे के बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। उन्होंने 29 सितंबर की सुबह अपने भविष्य की योजना सार्वजनिक करने की बात कही थी। अब दिव्या मित्तल के राजनीति में प्रवेश के ऐलान के साथ उत्तर प्रदेश की सियासत में उनकी नई भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।



