डेस्क : लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता के दौरान सपा सरकार बनने की स्थिति में कर्मचारियों, शिक्षकों और मदरसा शिक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी योजनाएं बताईं। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने जा रही है और सरकार बनने के बाद पुरानी पेंशन स्कीम पर काम किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने स्पष्ट तौर पर कहा कि उनकी सरकार ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की पुरानी मांग को पूरा किया जाएगा। पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा प्रदेश में कर्मचारी और शिक्षक संगठनों की प्रमुख मांगों में शामिल रहा है।
प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव ने मदरसों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर मदरसों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही आधुनिक मदरसा शिक्षकों के बकाया वेतन का भुगतान करने की बात भी कही। अखिलेश यादव ने शिक्षामित्रों को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर शिक्षामित्रों को शिक्षक बनाया जाएगा। वहीं संस्कृत स्कूलों से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भी उन्होंने आश्वासन दिया।
अखिलेश यादव के इन बयानों में पुरानी पेंशन, कर्मचारियों की मांगों, शिक्षामित्रों, मदरसा शिक्षकों और संस्कृत स्कूलों से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान इन वर्गों से संबंधित समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।



