स्मार्टफोन और टैबलेट की दुनिया में Samsung एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। कंपनी कथित तौर पर 17-inch Foldable Tablet पर काम कर रही है, जिसे फोल्ड करने पर 8-inch के कॉम्पैक्ट टैबलेट के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। वहीं, अनफोल्ड होने पर इसकी स्क्रीन 17 इंच तक फैल जाएगी। अगर यह डिवाइस बाजार में आता है, तो फोल्डेबल टैबलेट सेगमेंट में एक नया विकल्प देखने को मिल सकता है।
GSM Arena की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट की जानकारी एक टिपस्टर के जरिए सामने आई है। अगस्त के आखिर में टिपस्टर ने 17 इंच के फोल्डेबल टैबलेट के कई वर्जन और टेस्ट डिवाइस तैयार किए जाने की बात कही थी। हालांकि, उस समय कंपनी का नाम सामने नहीं आया था। बाद में अपडेट में बताया गया कि Samsung ने इस डिवाइस पर काम शुरू कर दिया है।
फिलहाल टैबलेट के डिजाइन को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। रिपोर्ट में दो संभावित डिजाइन की चर्चा की गई है। पहली संभावना में स्क्रीन बाहर की ओर फोल्ड हो सकती है, जबकि दूसरी में अंदर की ओर मुड़ने वाली बड़ी स्क्रीन के साथ अलग 8 इंच की कवर डिस्प्ले दी जा सकती है।
Samsung Display पहले भी बड़े फोल्डेबल स्क्रीन के प्रोटोटाइप पेश कर चुका है। हालांकि, कंपनी के मोबाइल डिवीजन ने अब तक इस तरह का कोई कमर्शियल प्रोडक्ट लॉन्च नहीं किया है।
फिलहाल Samsung ने इस डिवाइस की लॉन्च डेट, कीमत और अन्य स्पेसिफिकेशन्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में इसकी बाजार में उपलब्धता को लेकर इंतजार करना होगा।


