दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में कार्रवाई की जाएगी
वही पीएम मोदी ने एक पोस्ट के जरिए कहा कि युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में कार्रवाई की जाएगी, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड मिल सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि देश के लाखों युवा मेहनत और लगन के साथ परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके सपनों और मेहनत पर सीधा असर डालती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
जांच और न्याय प्रक्रिया को तेज किया जाएगा
प्रधानमंत्री ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का ऐलान करते हुए कहा कि जांच और न्याय प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, जिससे दोषियों को जल्द सजा मिल सके। सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में विश्वास बनाए रखना और युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना है।



