जम्मू-कश्मीर के विश्व प्रसिद्ध हिल स्टेशन गुलमर्ग से सोमवार को एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई। यहाँ एशिया की सबसे प्रसिद्ध केबल कार सेवा, जिसे ‘गोंडोला’ (Gondola) के नाम से जाना जाता है, में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण करीब 300 पर्यटक हवा में ही फंस गए। इस घटना के बाद कई केबिन (बोगियां) हवा में लटके रहे, जिससे पर्यटकों के बीच भारी अफरातफरी और डर का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना, पुलिस और नागरिक प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला और एक बड़ा बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी खराबी के चलते यह गोंडोला सेवा अचानक ठप हो गई, जिससे विभिन्न केबिनों में सवार सैलानी कुछ समय के लिए हवा में ही फंसे रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही सेना की 9 राज राइफल्स (9 Raj Rif), जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय प्रशासन के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य की कमान संभालने के लिए तंगमार्ग के सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट (SDM) और तहसीलदार भी खुद मौके पर मौजूद रहे।

हवा में लटके केबिनों में मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोंडोला के अचानक बीच हवा में रुक जाने से उसमें सवार महिला और बच्चों समेत कई पर्यटक बुरी तरह घबरा गए। सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में देखा जा सकता है कि पर्यटक हवा में झूलते केबिनों के अंदर बैठकर नीचे बचाव टीमों के ऑपरेशन को टकटकी लगाए देख रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और पर्यटकों को ढांढस बंधाया कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया, “तकनीकी खराबी की वजह से गोंडोला सेवा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था। तुरंत रेस्क्यू टीमों को काम पर लगाया गया और फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।” इसके साथ ही टेक्निकल एक्सपर्ट्स की एक टीम को भी खराबी का पता लगाने और सेवा को दोबारा बहाल करने के लिए तैनात किया गया।

मंत्री Kapil Dev Agrawal ने विपक्ष पर साधा निशाना, अखिलेश यादव पर भी लगा दिया ये बडा़ आरोप!

शेयर करना
Exit mobile version