डेस्क : दुनिया के चर्चित कारोबारी एलन मस्क और न्यूरालिंक की टॉप एग्जीक्यूटिव शिवोन जिलिस के रिश्ते में अब विराम आ गया है। शिवोन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट के जरिए इस बदलाव की जानकारी सार्वजनिक की। उनके संदेश से संकेत मिलता है कि दोनों के रिश्ते में यह बदलाव बेहद कम समय में हुआ।

शिवोन जिलिस ने अपनी पोस्ट में बताया कि किसी रिश्ते का अचानक गहरे लगाव से अलगाव तक पहुंच जाना बेहद कठिन अनुभव हो सकता है। उन्होंने मस्क के साथ बिताए रिश्ते को याद करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि वह उन्हें गहराई से समझे जाने और शांत एवं स्नेहपूर्ण प्रेम का अनुभव करा सकीं। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि दोनों आगे भी अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों की जिम्मेदारियां मिलकर निभाएंगे।

चार बच्चों के माता-पिता हैं मस्क और शिवोन

एलन मस्क और शिवोन जिलिस के चार बच्चे हैं। इनमें नवंबर 2021 में जन्मे जुड़वां बच्चे स्ट्राइडर शेखर और एज्योर, फरवरी 2024 में जन्मी बेटी अर्काडिया तथा फरवरी 2025 में जन्मा बेटा सेल्डन लिकरगस शामिल हैं। मस्क ने पहले बताया था कि उनके बेटे स्ट्राइडर के नाम में शामिल ‘शेखर’ भारतीय मूल के नोबेल पुरस्कार विजेता भौतिक विज्ञानी सुब्रह्मण्यम चंद्रशेखर से प्रेरित है।

मस्क के पुराने रिश्ते भी रहे हैं चर्चा में

एलन मस्क की निजी जिंदगी लंबे समय से सुर्खियों में रही है। उनकी पहली शादी कनाडाई लेखिका जस्टिन विल्सन से हुई थी, जिनसे उनके छह बच्चे हुए। इसके बाद उन्होंने ब्रिटिश अभिनेत्री तालुलाह रिले से शादी की। दोनों का तलाक हुआ और बाद में उन्होंने दोबारा शादी की, लेकिन यह रिश्ता भी दूसरी बार तलाक पर खत्म हुआ।

मस्क का नाम अभिनेत्री एम्बर हर्ड के साथ भी जुड़ा। इसके अलावा कनाडाई संगीतकार ग्रिम्स के साथ उनका रिश्ता भी लंबे समय तक चर्चा में रहा। दोनों के तीन बच्चे हैं। 2025 में रूढ़िवादी लेखिका एशले सेंट क्लेयर ने भी सार्वजनिक रूप से मस्क को अपने बेटे का पिता बताया था। इस दावे के बाद मस्क की निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में आई थी।

जाने कौन हैं शिवोन जिलिस?

शिवोन जिलिस टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान रखती हैं। वह एलन मस्क की ब्रेन-टेक्नोलॉजी कंपनी न्यूरालिंक में वरिष्ठ पद पर काम करती हैं। न्यूरालिंक से पहले वह ओपनएआई से भी जुड़ी रही हैं। एलन मस्क लगातार घटती वैश्विक जन्मदर को मानव सभ्यता के सामने मौजूद गंभीर चुनौतियों में से एक बताते रहे हैं। वहीं, शिवोन जिलिस के साथ रिश्ते में आए इस बदलाव ने एक बार फिर मस्क की निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Hapur में Samajwadi Party के नेताओं का जोरदार प्रदर्शन, CEC के इस्तीफे की मांग पर पुलिस से नोकझोंक!

शेयर करना
Exit mobile version