कानपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाल्मीकि जयंती के अवसर पर कानपुर के बिठूर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने नानाराव पेशवा पार्क में 411 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अयोध्या के विकास को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

कांग्रेस-SP के शासन में अयोध्या की हालत खराब थी: योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के पुराने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासन में वहां सड़कों की स्थिति खराब थी, बिजली की व्यवस्था नहीं थी और गंदगी का माहौल था। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संस्कार ही गंदगी में रहने के हैं और उन्हें गंदे कार्य करने की आदत है।

राम मंदिर और एयरपोर्ट के निर्माण का भी किया विरोध

मुख्यमंत्री योगी ने आरोप लगाया कि जब भारतीय जनता पार्टी ने अयोध्या के विकास की कार्ययोजना तैयार की, तो विपक्षी दलों ने उसमें बाधाएं डालने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम का मंदिर बनाने, अयोध्या का विकास करने और वहां एयरपोर्ट का निर्माण करने के प्रयासों का भी विरोध किया गया।

पीएम मोदी के नेतृत्व में बना राम मंदिर: सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने राम भक्तों की भावनाओं के अनुरूप अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या पहुंचने पर त्रेता युग की यादें ताजा हो जाती हैं।

उन्होंने बताया कि राम जन्मभूमि में भगवान रामलला के दर्शन के बाद श्रद्धालु महर्षि वाल्मीकि के मंदिर में भी नतमस्तक हो सकते हैं। इसके अलावा अयोध्या में गोस्वामी तुलसीदास, माता शबरी और निषादराज के मंदिर भी बनाए गए हैं।

नारी सम्मान पर भी दिया जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाल्मीकि जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों का अभिनंदन किया। उन्होंने नारी सम्मान पर जोर देते हुए कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वह धरती तीर्थ बन जाती है।

सीएम योगी ने कहा कि हर व्यक्ति भगवान राम से जुड़ा हुआ है और महर्षि वाल्मीकि प्रभु राम तक पहुंचने के माध्यम हैं।

26 अक्टूबर की 25 बड़ी खबरें |Top 25 News | UP News | Today News | CM Yogi | Akhilesh | Politics

शेयर करना
Exit mobile version