राजधानी में महज 300 रुपये की मजदूरी के विवाद ने तीन जिंदगियां लील लीं। रायपुर की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दिनदहाड़े घर में प्लंबिंग का काम करने आए युवक ने आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त अधिकारी और उनकी सेवानिवृत्त शिक्षिका पत्नी समेत पड़ोस में काम करने वाली महिला घरेलू सहायिका की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी।
आरोपित पहले विवाद के बाद घर से निकल गया। कुछ देर बाद वापस लौटा और बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनने के बाद दंपती पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के घर से बीच-बचाव करने पहुंची नौकरानी को भी उसने नहीं बख्शा। चेन लूटकर भाग रहे आरोपित को पड़ोसियों ने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घर के अंदर लहूलुहान मिले तीनों
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे तपोवन क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। घर के भीतर रमेश कपूर (80), उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) और नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला (48) लहूलुहान हालत में मिले।
स्थानीय लोगों ने तीनों को निजी वाहनों से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मौके से आरोपित गिरफ्तार
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार आरोपित राजकुमार निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक, देहरादून, मूल निवासी बांदा थाना किरतपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
रमेश कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त थे। वहीं, रजनी कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री इंटर कॉलेज से बतौर प्रवक्ता सेवानिवृत्त हुई थीं। उनके दो बेटे हैं। इनमें एक पुणे और दूसरा दिल्ली में रहता है। हत्याकांड की सूचना पर दोनों देहरादून आ रहे हैं।
दो घंटे काम के बाद 600 रुपये मांग रहा था
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित करीब दो वर्ष से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का काम करने आता था। मंगलवार को उसने करीब दो घंटे काम किया और पूरे दिन की 600 रुपये मजदूरी मांगने लगा।
बुजुर्ग दंपती आधे दिन के काम के 300 रुपये देने को तैयार थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपित घर से चला गया।
वापस आया और दंपती पर किया हमला
कुछ देर बाद आरोपित दोबारा घर में घुसा। आरोप है कि उसने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली और दंपती पर पेचकस से हमला कर दिया।
शोर सुनकर शीला बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपित ने उस पर भी कई वार किए। हमले में तीनों की हालत गंभीर हो गई।
चेन लेकर भागते समय पड़ोसियों ने पकड़ा
वारदात के बाद आरोपित चेन लेकर भागने लगा। पड़ोसियों ने उसे देख लिया और उसका पीछा कर उसे दबोच लिया। पुलिस के पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ रखा था।
पूछताछ में आरोपित ने बुजुर्ग दंपती और महिला पर हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



