नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद अजीबोगरीब वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि जापान के 26 वर्षीय करोड़पति जासो नाम के एक शख्स ने खुद को कुत्ते जैसा दिखाने के लिए करीब 220 करोड़ रुपये खर्च कर डाले। पोस्ट में बताया जा रहा है कि उसने कई सर्जरी करवाईं और अब वह कुत्ते की तरह चलता-फिरता और जीवन बिताता है। हालांकि, इस दावे की अभी तक किसी भी आधिकारिक माध्यम से पुष्टि नहीं हो पाई है।
सोशल मीडिया पर क्या हो रही है प्रतिक्रिया?
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस पर जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कोई हैरानी जता रहा है तो कोई मजाक उड़ा रहा है। एक यूजर ने लिखा कि करोड़पति बनने के बाद लोग घर, गाड़ी या दूसरी आलीशान चीजें खरीदते हैं, लेकिन इस शख्स ने तो कुत्ता बनने का सपना चुन लिया। वहीं, एक दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि इसे तो अजूबा घोषित कर देना चाहिए।
किसी ने कहा कि आजकल लोग इंसान बनने के बजाय कुछ और बनने की कोशिश कर रहे हैं, तो किसी ने टिप्पणी की कि अगर यह दावा सच है, तो 220 करोड़ रुपये खर्च करके कुत्ता बनने का जुनून वाकई हैरान करने वाला है।
कई लोगों ने उठाए सवाल
जहां एक तरफ लोग इस वीडियो को देखकर चौंक रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स ने इस पर सवाल भी उठाए हैं। एक यूजर ने पूछा कि आखिर यह इंसान है या सच में कुत्ता, तो इसके जवाब में पोस्ट करने वाले ने लिखा कि यह इंसान ही है, जिसने सर्जरी करवाकर खुद को कुत्ते जैसा बना लिया है। कई लोगों ने इसे पैसे की बर्बादी बताया तो कुछ ने इसे अजीबोगरीब शौक करार दिया।
फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है, लेकिन इस दावे की सच्चाई क्या है, इसकी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।



