हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तीसा-बैरागढ़ सड़क मार्ग पर हुए इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे का शिकार हुई निजी बस बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे बस बैरागढ़ से चली थी। करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करने के बाद देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया गया।
रेस्क्यू के दौरान तीन शवों को बाहर निकाला गया। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण अंदर फंसे लोगों को निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बाद दो जेसीबी की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस दौरान चार और लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
हादसे में घायल 11 लोगों को इलाज के लिए तीसा अस्पताल भेजा गया है। इनमें से छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाया गया। घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की सूची जारी कर दी गई है।



