अमेरिका के कुख्यात अपराधी और सेक्स ऑफेंडर जेफरी एपस्टीन के मामलों से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। एपस्टीन की गिरफ्त का शिकार रहीं जूलिया मोलचानोवा ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपनी आपबीती दुनिया के सामने रखी है। बता दें, एक विस्तृत इंटरव्यू में जूलिया ने बताया कि कैसे एपस्टीन कम उम्र की लड़कियों और युवतियों को अपने जाल में फंसाता था और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित करता था।
मूल रूप से रूस की रहने वाली जूलिया जब 22 साल की उम्र में न्यूयॉर्क आई थीं, तब उनकी मुलाकात जेफरी एपस्टीन से हुई थी। उस समय अंग्रेजी न आने के कारण जूलिया काफी अनजान थीं। एपस्टीन ने सड़क पर उनसे बेहद दोस्ताना अंदाज में बात की, जिससे जूलिया को उस पर कोई शक नहीं हुआ। इसके अगले दिन एपस्टीन ने उन्हें नाश्ते पर बुलाया और उनकी निजी जिंदगी के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान जब एपस्टीन को पता चला कि जूलिया अपने किसी रिश्ते में परेशान हैं और उन्हें फैशन व डिजाइनिंग में गहरी दिलचस्पी है, तो उसने उन्हें फैशन इंडस्ट्री में मदद और मशहूर ‘फैशन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’ में दाखिला दिलाने का झूठा झांसा दिया। इसके बाद से ही उनका शोषण शुरू हो गया।
जूलिया ने खुलासा किया कि एपस्टीन अपने घर आने वाले रसूखदार लोगों के सामने पीड़िताओं को अपनी ‘असिस्टेंट’ कहकर मिलवाता था, ताकि किसी को भी घर के अंदर चल रहे काले कारनामों पर शक न हो। वह बेहद चालाक था और महिलाओं की जिंदगी के हर पहलू पर पूरी पाबंदी लगा रखी थी। जूलिया के मुताबिक, एपस्टीन महिलाओं को क्रेडिट कार्ड तो देता था, लेकिन उन्हें हर एक खर्चे का हिसाब रखना होता था और हर रसीद की फोटो भेजनी पड़ती थी। वह यह तक तय करता था कि महिलाएं कैसे कपड़े पहनेंगी, उनके बाल कैसे होंगे और उनका वजन कितना होना चाहिए।
विरोध करने पर एपस्टीन उन्हें उनके परिवार और दोस्तों से पूरी तरह काट देता था और उन्हें अपने प्राइवेट आइलैंड पर ले जाता था। सजा के तौर पर महिलाओं को 24-24 घंटे तक एक कमरे में बंद रखा जाता था। जूलिया ने बताया कि वह उस दौरान गंभीर डिप्रेशन में थीं, लेकिन डॉक्टर के पास जाने की अनुमति भी नहीं दी जाती थी। एपस्टीन के संबंध देश के रसूखदार और ताकतवर लोगों से थे, जिसके कारण जूलिया को अपनी जान का इतना खौफ था कि उन्होंने कभी पुलिस से मदद नहीं मांगी। साल 2019 में वित्तीय धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद इस काले साम्राज्य की परतें धीरे-धीरे उधड़नी शुरू हुईं।



