उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बहलीमपुरा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पत्नी पर अपने पति की तौलिये से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। हत्या का कारण पति द्वारा पत्नी के अवैध संबंधों का विरोध करना बताया जा रहा है। वारदात के समय घर में केवल पति-पत्नी और उनकी 8 साल की बेटी मौजूद थे। हत्या करने के बाद आरोपी पत्नी प्रीति शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रही थी।

हालांकि, जब रिश्तेदार मौके पर पहुंचे तो उन्हें मृतक के गले पर संदिग्ध निशान दिखाई दिए, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मृतक की वृद्ध मां अंगूरी देवी की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी बहू प्रीति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी पत्नी प्रेमी के साथ फरार होने के लिए पारिवारिक संपत्ति बेचने की फिराक में थी। दावा किया गया है कि उसने कुछ महीने पहले 35 लाख रुपये में एक प्लॉट भी बेचा था, वहीं तीन बीघा जमीन, मकान और अन्य प्रॉपर्टी को लेकर भी विवाद चल रहा था। सीओ सिटी बुलंदशहर प्रखर पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अयोध्या में रक्षाबंधन को लेकर खास उत्साह,  श्रीराम की तस्वीर वाली राखियां खास आकर्षण का केंद्र बनी

शेयर करना
Exit mobile version