बिहार के शेखपुरा जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के ओनामा गांव में सैलून में पहले दाढ़ी बनवाने को लेकर उपजा एक मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, पत्थरबाजी हुई और कई राउंड ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही एक सैलून में रवि सिंह के भतीजे और मंटू सिंह के पुत्र कारू कुमार के बीच इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई थी कि पहले दाढ़ी कौन बनवाएगा। कारू उस वक्त अपनी दाढ़ी बनवा रहा था, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक पक्ष की तरफ से हथियार निकालकर कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी गई, जबकि दूसरे पक्ष के लोगों ने भी बचाव में जमकर पत्थरबाजी की।
इस भयानक गोलीबारी और हिंसक झड़प की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग वीरेंद्र सिंह और 25 वर्षीय पिंकु कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को खून से लथपथ हालत में स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है।



