शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। अब तक की जांच के मुताबिक, चारों शूटर पूरी प्लानिंग के साथ आए थे। उन्होंने वारदात से पहले ऐसे प्लॉट में जाकर पिस्टल लोड कीं, जहां आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। इतना ही नहीं, हमलावरों ने अंकित की गाड़ी के पास राखी बेच रही महिलाओं को भी सड़क पर भीड़ का हवाला देकर हटा दिया, ताकि फायरिंग में किसी और को गोली न लगे। इससे साफ लगता है कि बदमाशों का मकसद केवल अंकित बालियान की सरेराह हत्या कर इलाके में दहशत फैलाना था।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, बदमाश नाला पटरी से कनिका मार्केट की ओर आने वाली गली में गए थे। वहां मौजूद एक खाली प्लॉट में उन्होंने हथियार लोड किए, जहां कैमरे नहीं थे। इसके बाद वे जिम से करीब 20 मीटर दूर एक दुकान के पास रुके। जिम के बाहर अंकित की कार खड़ी थी और पास में ही राखी बेचने वाली महिलाएं मौजूद थीं। बदमाशों ने पहले उन्हें वहां से हटाया और फिर अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

22 सेकंड में 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग

पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने महज 22 सेकंड के भीतर 20 से अधिक राउंड फायर किए। इनमें से नौ गोलियां अंकित को लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के दौरान अंकित का हाथ पास की नाली में फंस गया था और हाथ में गोली लगने के कारण हड्डी भी टूट गई। सीसीटीवी में दिख रहा है कि फायरिंग के बाद जब बदमाश भाग रहे थे, तब अंकित ने उन्हें ललकारा था। ललकार सुनकर कुछ दूर जा चुके हमलावर दोबारा लौटे और अंकित पर फिर से गोलियां बरसा दीं।

29 अगस्त की 25 बड़ी खबरें | Top 25 News | UP News | Today Hindi News | CM Yogi | Akhilesh |Politics

शेयर करना
Exit mobile version