हरदोई: सण्डीला क्षेत्र में हुई दो युवकों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को पकड़ा है। जांच में सामने आया कि बहन के प्रेम संबंधों से नाराज उसके नाबालिग भाई ने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

दरअसल, बीते गुरुवार को सण्डीला इलाके में पानी की टंकी के पास ग्राम रैसो निवासी अरुण और उसके रिश्तेदार अभिषेक के शव रक्तरंजित हालत में मिले थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो हत्या की वजह प्रेम संबंध सामने आई।

कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाया गया था

पुलिस के मुताबिक, अरुण के एक लड़की से प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी लड़की के नाबालिग भाई को हुई तो उसने अपने परिचित प्रमोद को इस बारे में बताया। प्रमोद ने भी अरुण को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो हत्या की साजिश रची गई। आरोप है कि नाबालिग भाई ने अपने दो नाबालिग साथियों, प्रमोद और कुलदीप के साथ मिलकर अरुण को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत अरुण को कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाया गया।

अवैध तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी

वही इसके बाद आरोपियों ने अरुण पर डंडों से हमला किया और फिर अवैध तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वहीं, मौके से भाग रहे अरुण के रिश्तेदार अभिषेक को भी आरोपियों ने डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात के बाद बचने के लिए अपने मोबाइल फोन दूसरों को दे दिए थे, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके।

पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए डंडे, अवैध तमंचा, कारतूस और मृतकों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीन नाबालिग आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रमोद और कुलदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

3 अगस्त से शुरू होगा UP विधानसभा सत्र, सुरक्षा तैयारियों में जुटे अफसर

शेयर करना
Exit mobile version