हमीरपुर: जिले में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी की हत्या किसी हादसे में नहीं बल्कि बीमा की रकम हासिल करने के लिए की गई थी। वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि महिला का पति ही निकला।
साथियों के साथ मिलकर पत्नी रीता की हत्या की साजिश रची थी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति अमर सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्नी रीता की हत्या की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि आरोपी की नजर पत्नी के 44 लाख रुपये के बीमा क्लेम पर थी। बता देकि जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव को कार से कुचला था। आरोप है कि कई बार कार चढ़ाकर महिला को मौत के घाट उतारा गया, जिससे घटना दुर्घटना जैसी लगे।
आरोपी ने बीमा राशि पाने के लालच में इस खौफनाक वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, अमर सिंह ने करीब 2 साल पहले रीता से प्रेम विवाह किया था। इसके बावजूद उसने बीमा राशि पाने के लालच में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।इस हत्या में मृतका के चचेरे भाई की भी भूमिका सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है।
रीता का शव तीन दिन पहले हाईवे किनारे मिला था
तीन दिन पहले रीता का शव हाईवे किनारे मिला था, जिसके बाद पुलिस और एसओजी टीम जांच में जुटी थी। अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



