उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। शहर कोतवाली क्षेत्र के समुदा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मां, बेटे और दामाद तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामापुर छैया निवासी रमेश (32) की पत्नी कामिनी प्रेग्नेंट थीं और उन्हें डिलीवरी के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को ही ऑपरेशन से डिलीवरी होनी थी। रमेश और उनका साला सोहेल (25) नोएडा में नौकरी करते थे और डिलीवरी के चलते ही घर लौटे थे। सोहेल अपनी मां गुड्डी देवी (49) और बहनोई रमेश को बाइक से अस्पताल ले जा रहा था। इसी दौरान लखनऊ नंबर की तेज रफ्तार टाटा टिगोर कार ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस घर में नए बच्चे के जन्म की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां एक साथ तीन मौतों से कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।



