हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। सांडी थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 317 पर तेज रफ्तार SUV अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दंपती और उनके दोनों बच्चों की जान चली गई। परिवार भाई दूज और छठ पूजा मनाने के लिए नोएडा से प्रयागराज लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही चारों की जिंदगी खत्म हो गई।

हादसे में सौरभ, पत्नी और दोनों बेटों की मौत

हादसे में प्रयागराज के मुड़ैरा निवासी सौरभ उपाध्याय (40), उनकी पत्नी मेनका (35), सात वर्षीय बेटे व्योम और डेढ़ वर्षीय बेटे शिवओम की मौत हो गई। सौरभ नोएडा में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह बार्कलेज में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत बताए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, सौरभ बुधवार को पत्नी और दोनों बच्चों के साथ नोएडा से प्रयागराज के लिए निकले थे। परिवार का उद्देश्य छठ पूजा और भाई दूज का त्योहार अपने घर पर मनाना था।

100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार होने की चर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त सौरभ खुद SUV चला रहे थे। उनकी पत्नी अगली सीट पर और दोनों बच्चे पीछे बैठे थे। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ और मेनका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें भी बचाया नहीं जा सका।

अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने तोड़ा दम

हादसे के बाद घायल डेढ़ वर्षीय शिवओम को सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं, सात वर्षीय व्योम को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

इस तरह हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई।

ग्रामीणों ने यूपीडा के वाहन को पलटा, जताया आक्रोश

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य में देरी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने यूपीडा के एक वाहन को पलट दिया। ग्रामीणों ने हादसे के बाद समय पर मदद नहीं मिलने को लेकर नाराजगी जताई।

माता-पिता का इकलौता बेटा था सौरभ

सौरभ उपाध्याय अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। त्योहार के मौके पर परिवार के घर लौटने का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा है।

गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

CM योगी ने 1146 कनिष्ठ सहायकों को बांटे नियुक्ति पत्र, 4300 किसानों के खाते में भेजे 215 करोड़

शेयर करना
Exit mobile version