सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह में दो सगी बहनों के निकाह का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। कार्ड में दूल्हों के नाम हिंदू होने की वजह से तरह-तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, परिवार का कहना है कि दोनों दूल्हे और उनके परिवार मुस्लिम हैं और उनके यहां कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। इस बीच बहनों ने आरोप लगाया है कि शादी का कार्यक्रम कराने पर गार्डन मालिक को धमकी दी गई है। दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
12 नवंबर को होना है दोनों बहनों का निकाह
जानकारी के मुताबिक, गंगोह के मोहल्ला अनारकली निवासी दो सगी बहनों का निकाह 12 नवंबर को होना है। शादी समारोह के लिए मोहल्ला मोहम्मद गौरी में बड़े कब्रिस्तान के पास एक गार्डन बुक कराया गया है। लेकिन निकाह का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद शुरू हो गया। परिवार का कहना है कि इस विवाद का असर शादी की तैयारियों पर भी पड़ रहा है।
निकाह कार्ड में दूल्हों के नाम को लेकर विवाद
दोनों बहनों के भाई मोहम्मद शकील ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे निकाह कार्ड में दूल्हों के नाम हिंदू हैं। इसी वजह से लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। शकील के मुताबिक, दोनों दूल्हे और उनके परिवार मुस्लिम हैं। उनके परिवारों में कई पीढ़ियों से इस तरह के नाम रखने की परंपरा चली आ रही है।
गार्डन मालिक को धमकी देने का आरोप
बड़ी बहन सलमा ने बताया कि वह अपनी मर्जी और माता-पिता की सहमति से शादी कर रही हैं। उनका आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गार्डन मालिक को फोन करके धमकी दी है। कथित तौर पर कहा गया कि यदि गार्डन में शादी समारोह कराया गया तो हिंदू संगठन के लोगों को बुलाकर हंगामा करवाया जाएगा।
सलमा का कहना है कि इस धमकी के बाद गार्डन मालिक भी कार्यक्रम कराने से पीछे हट रहा है। इससे निकाह की तैयारियों में परेशानी हो रही है।
मां बोलीं- पुरानी रिश्तेदारी में तय हुई हैं शादियां
दुल्हनों की मां सुल्तान ने बताया कि जिन परिवारों में उनकी बेटियों का निकाह तय हुआ है, उनसे पुरानी रिश्तेदारी है। दोनों परिवार मुस्लिम हैं और आपसी सहमति से ही शादियां तय की गई हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बेटी की शादी भी पहले इसी परिवार में हुई है, जहां इसी तरह के नाम रखने की परंपरा है।
परिवार ने गार्डन मालिक को धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।
बहनों ने पुलिस से मांगी सुरक्षा, जांच में जुटी पुलिस
दोनों बहनों ने गंगोह कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई करने और 12 नवंबर को निकाह शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस मामले में CO शैलेंद्र प्रताप गौतम ने फोन पर बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। फोन कॉल और धमकी के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि उनकी बेटियों का निकाह बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाए।



