चेन्नई : मनोरंजन और खेल जगत के गलियारों से एक बेहद खूबसूरत खबर सामने आई है। अपनी बेहतरीन धुनों से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर संगीतकार और सिंगर अनिरुद्ध रविचंदर और आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन हमेशा-हमेसा के लिए एक-दूसरे के हो गए हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की पहली खूबसूरत तस्वीरें साझा कर अपने इस नए सफर की शुरुआत की घोषणा की है।

सामने आई तस्वीरों में कपल का ड्रीमी और रॉयल लुक साफ नजर आ रहा है। अनिरुद्ध ने जहां क्लासिक आइवरी रंग का कुर्ता और मैचिंग वेष्टी के साथ लंबी एम्ब्रॉयडरी वाली जैकेट पहनी है, वहीं काव्या मारन ने ब्लश-पिंक रंग का बेहद खूबसूरत लहंगा और स्टेटमेंट ज्वेलरी से अपने इस खास दिन को और भी हसीन बनाया है। खुले वेवी बाल और चेहरे पर हल्की सी मुस्कान उनके इस ब्राइडल लुक को परफेक्ट टच दे रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने ग्रीस में बेहद करीबी लोगों की मौजूदगी में एक अंतरंग डेस्टिनेशन वेडिंग की है।
तस्वीरों के साथ शेयर किए गए कैप्शन ‘My once in a lifetime, for a lifetime ❤️ 11.11’ ने फैंस का दिल जीत लिया है। सन पिक्चर्स ने भी नए जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनकी एक और खूबसूरत तस्वीर शेयर की है, जिसमें दोनों समुद्र किनारे सजे सफेद फूलों के मंडप के बीच एक-दूसरे को निहारते नजर आ रहे हैं। संगीत और क्रिकेट की दुनिया के इन दो चर्चित चेहरों के एक साथ आने से फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है और सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है।


