हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर ज़िले में भीषण तूफ़ान के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का विशाल स्लैब अचानक ढह गया, जिसके नीचे सो रहे कई मज़दूर मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में अब तक छह श्रमिकों की जान जाने की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोग अब भी पुल के खंभे पर फँसे हुए हैं।
आधी रात करीब 2 बजे मिली सूचना, तुरंत हरकत में आया प्रशासन
हमीरपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि 28 और 29 मई की मध्यरात्रि करीब 2 बजे सूचना मिली कि थाना लालपुर क्षेत्र के मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार गाँवों को जोड़ने के लिए बन रहे पुल का एक भारी स्लैब भरभराकर गिर गया है और उसके मलबे में कई लोग दब गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुँच गया।
खंभे पर फँसे तीन लोगों को बचाने की जद्दोजहद
एएसपी ने बताया कि राहत कार्य में एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। फिलहाल तीन लोग पुल के एक खंभे पर खतरनाक तरीके से फँसे हुए हैं और उन्हें सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मलबे में दबे छह लोगों में से पाँच की पहचान कर ली गई है। भारी स्लैब को हटाकर शवों को बाहर निकाला जाएगा।
बांदा और हमीरपुर के मज़दूरों ने गँवाई जान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में बांदा और हमीरपुर जनपद के मज़दूर शामिल हैं। हादसे के समय ये सभी श्रमिक पुल के नीचे ही सो रहे थे, तभी तेज़ आँधी-तूफ़ान के कारण ढाँचा भरभराकर गिर गया और देखते ही देखते छह लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि इस पुल का निर्माण राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के प्रयासों से कराया जा रहा था।
सीएम योगी ने जताया गहरा दुःख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का तत्काल संज्ञान लेते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
सीएम ने ज़िला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेज़ी से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मृतकों के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें हर संभव सहायता मुहैया कराई जाए। योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना भी की।



