स्पेन से एक बेहद भीषण और दर्दनाक रेल हादसे की खबर सामने आई है, जहां मध्य स्पेन के टोलेडो इलाके में दो हाईस्पीड यात्री ट्रेनें आपस में जोरदार तरीके से टकरा गईं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस भयानक दुर्घटना में कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, और ट्रेनों के क्षतिग्रस्त डिब्बों की डरावनी तस्वीरें सामने आई हैं।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में स्पेनिश रेलवे कंपनी रेनफे (Renfe) की एवीई (AVE) हाईस्पीड ट्रेन शामिल थी, जो मैड्रिड से सेविल की ओर जा रही थी। वहीं, दूसरी ट्रेन इर्यो (Iryo) कंपनी की थी। शुरुआती रिपोर्ट्स में दोनों ट्रेनों के विपरीत दिशाओं से आने की बात कही जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत आधिकारिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।
इस भीषण टक्कर के बाद मैड्रिड और दक्षिणी क्षेत्र अंडालूसिया के बीच चलने वाली सभी हाईस्पीड रेल सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई हैं। रेल नेटवर्क का संचालन करने वाली कंपनी एडिफ (Adif) ने रूट पर यातायात पूरी तरह से निलंबित होने की पुष्टि की है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं और रेस्क्यू टीमों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया, जो मलबे में फंसे लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के राहत कार्य में जुटी हुई हैं।



