एंटरटेनमेंट डेस्क। काइली जेनर ने 18 अक्टूबर को Victoria’s Secret फैशन शो में अपनी पहली रनवे एंट्री के साथ सुर्खियां बटोरीं। रियलिटी स्टार और ब्यूटी एंटरप्रेन्योर काइली ने इस शो में 50 मिलियन डॉलर यानी करीब 440 करोड़ रुपये की डायमंड जड़ित ‘फैंटेसी ब्रा’ पहनी। रिपोर्ट के मुताबिक, यह Victoria’s Secret की अब तक की सबसे महंगी फैंटेसी ब्रा है।
50 मिलियन डॉलर की Fantasy Bra में क्या है खास?
Vogue की रिपोर्ट के अनुसार, इस फैंटेसी ब्रा की कीमत 50 मिलियन डॉलर है, जो इससे पहले की किसी भी फैंटेसी ब्रा से 35 मिलियन डॉलर अधिक बताई गई है। साल 2018 के बाद इस प्रतिष्ठित ब्रा की रनवे पर वापसी हुई है।
इस खास ब्रा को हाई-ज्वेलरी डिजाइनर जैकब अराबो ने डिजाइन किया है, जो Jacob & Co. से जुड़े हैं। इसमें 75.54 कैरेट का पीला हीरा लगाया गया है, जिसके चारों ओर 4,410 प्राकृतिक हीरे जड़े हुए हैं। इसका वजन करीब 1.8 किलोग्राम से थोड़ा कम बताया गया है।
इसे तैयार करने में 15 कुशल कारीगरों ने 1,000 घंटे से अधिक समय लगाया। काइली ने इस ब्रा को सफेद पंखों, छोटी सफेद मिनी स्कर्ट और ट्रांसपेरेंट हील्स के साथ पहना।
Kylie Jenner को ही क्यों चुना गया?
Victoria’s Secret ने काइली जेनर को चुनने के पीछे रणनीतिक वजह बताई है। Vogue से बातचीत में कंपनी के मुख्य क्रिएटिव ऑफिसर एडम सेलमैन ने कहा कि फैंटेसी ब्रा की वापसी प्रशंसकों की मांग के जवाब में की गई है। इसे पहनने के लिए कंपनी को ऐसी शख्सियत की तलाश थी, जिसका फैशन और पॉप कल्चर पर व्यापक प्रभाव हो।
एडम सेलमैन के मुताबिक, काइली फैशन, संस्कृति और टेलीविजन सहित कई क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान रखती हैं। उन्होंने कहा कि काइली शो के लिए बड़ी प्रेरक शक्ति साबित हो सकती हैं और उन्होंने अपनी अलग सांस्कृतिक पहचान बनाई है।
रिपोर्ट में काइली के करीब 38 करोड़ इंस्टाग्राम फॉलोअर्स का भी जिक्र किया गया है, जो उनकी लोकप्रियता और बड़े दर्शक वर्ग को दर्शाता है।
इस फैशन शो में काइली जेनर अकेली आकर्षण का केंद्र नहीं थीं। उन्होंने Victoria’s Secret की पुरानी और नई पीढ़ी की कई मशहूर सुपरमॉडल्स के साथ रैंप वॉक किया।
शो में वापसी करने वाली ‘एंजेल्स’ में एड्रियाना लीमा, एलेसांद्रा एम्ब्रोसियो, कैंडिस स्वानपोल, बेहाटी प्रिंसलू, बारबरा पाल्विन, डौट्ज़ेन क्रोएस और एल्सा होस्क शामिल थीं।
इसके अलावा गिगी हदीद, बेला हदीद, जोन स्मॉल्स, इरिना शायक, अनोख याई, पालोमा एल्सेसर और एलेक्स कंसानी ने भी रैंप पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
काइली जेनर की फैंटेसी ब्रा वाली एंट्री ने इस फैशन शो को खास पहचान दी। महंगे हीरों से सजी इस ब्रा की वापसी और काइली का डेब्यू शो के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहे।



