डेस्क : अफ़्रीकी महाद्वीप के अशांत क्षेत्र सूडान और दक्षिणी सूडान की सीमा पर स्थित विवादित इलाके ‘अबेई’ से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अबेई के व्यस्त एमिएट बाज़ार में हुए एक ज़बरदस्त ड्रोन हमले ने चारों तरफ तबाही मचा दी। इस भयानक हमले में बच्चों और आम नागरिकों समेत कम से कम 153 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से झुलसकर घायल हुए हैं।
स्थानीय अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, ड्रोन से हमला एमिएट बाजार में स्थित एक पेट्रोल पंप के ठीक पास किया गया। हमला होते ही हुए जोरदार धमाके से पेट्रोल पंप में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटें पूरे बाजार में फैल गईं। आग की भयावहता और धुएं के गुबार के बीच बाजार में भारी भगदड़ मच गई, जिससे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हताहतों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस भयानक घटना के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अबेई के कार्यवाहक सूचना मंत्री योहाना अकोल नगोर ने इस बर्बर हमले के लिए सीधे तौर पर सूडान की सेना को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, इस दावे के समर्थन में अभी तक कोई आधिकारिक सबूत सार्वजनिक नहीं किया गया है। सीमावर्ती इलाके में हुए इस नरसंहार ने एक बार फिर इस क्षेत्र में जारी मानवीय संकट और हिंसा के खौफनाक चेहरे को दुनिया के सामने ला दिया है।



