उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढिया गांव में समाजवादी पार्टी (सपा) की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में कुछ लोगों ने घुसकर उनके साथ मारपीट की। इस घटना में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए हैं।
सपा नेता के सामने ही घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार को मढिया गांव में हुई। सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर पर अचानक लड़ाई-झगड़ा शुरू हो गया। यह पूरी वारदात सपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख व नेता प्यारेलाल के सामने ही अंजाम दी गई। घटना के दौरान जब गार्गी पटेल की बेटी उन्हें बचाने के लिए बीच में आई, तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की।
बाल नोचे और टेबल उठाकर मारी, हालत हुई अधमरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गार्गी पटेल पर अनैतिक संबंधों के आरोप लगाते हुए दो युवकों और एक महिला ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके बाल नोचे और उन पर टेबल उठाकर भी मारी। करीब 5 मिनट तक उनके साथ इस कदर मारपीट की गई कि उनकी हालत अधमरी हो गई। आरोप यह भी है कि जब इसका विरोध किया गया, तो हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पैसों के लेनदेन के विवाद में अपनों ने ही पीटा
घटना की जानकारी मिलते ही जलीलपुर चौकी प्रभारी और डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घायल गार्गी पटेल को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना के संबंध में पीड़ित सपा नेता गार्गी पटेल ने बताया कि सपा नेता प्यारेलाल किसी काम से उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए उनके घर आए थे। इसी दौरान उनके ही परिजन वहाँ पहुँच गए और अचानक हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के साथ उनका पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। गार्गी पटेल के अनुसार, अमित यादव, मनोज यादव, उनकी पुत्री और पत्नी ने मिलकर उन्हें तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश होकर जमीन पर नहीं गिर गईं। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।



