रामेश्वरम: श्रीलंका नौसेना ने कथित तौर पर समुद्री सीमा पार कर मछली पकड़ने के आरोप में तमिलनाडु के रामेश्वरम के 9 मछुआरों को गिरफ्तार किया है। नौसेना ने उनकी नाव भी जब्त कर ली है। यह कार्रवाई कच्चातीवू द्वीप के पास की गई।

कोस्टल सिक्योरिटी ग्रुप पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए मछुआरे उन 297 मछली पकड़ने वाली नौकाओं के समूह का हिस्सा थे, जो 12 अगस्त को रामेश्वरम बंदरगाह से औपचारिक अनुमति लेकर समुद्र में उतरी थीं। जब्त की गई नाव IND TN 10 MM 329 वेलिंगटन के नाम पर पंजीकृत है, जो धनुषकोडी राजा नगर के रहने वाले पी. वेलिंगटन की बताई जा रही है।

गिरफ्तार मछुआरों की पहचान जे. जनाथन (45), ए. एंथनी पिचाई (38), के. वेल्लैचामी (51), एम. प्रभु (43), एरोग्या जेनिस्टन (25), पी. स्टीविन (30), एम. डॉन बॉस्को (55), वी. एरोग्या देविन (31) और सुब्बैया (52) के रूप में हुई है। श्रीलंका नौसेना ने सभी को पूछताछ के लिए थलाइमनार नौसेना शिविर ले जाया गया है।

इससे पहले 6 अगस्त को भी श्रीलंका नौसेना ने 11 भारतीय मछुआरों को नेंदुन्थीवु द्वीप के पास गिरफ्तार किया था। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से राजनयिक माध्यमों से हस्तक्षेप कर मछुआरों की रिहाई की मांग की थी।

उन्होंने कहा था कि समुद्री सीमा पार करने की घटनाएं कई बार तकनीकी खराबी या अनजाने में बहाव के कारण होती हैं। उन्होंने भारत और श्रीलंका के बीच ऐसे मामलों के समाधान के लिए द्विपक्षीय व्यवस्था बनाने की मांग की।

13 अगस्त की 25 बड़ी खबरें | Top 25 News | UP News | Today Hindi News | CM Yogi | Akhilesh |Politics

शेयर करना
Exit mobile version