मुरादाबाद। कभी इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती, फिर प्यार, अजमेर में कथित निकाह और नोएडा में साथ रहने तक पहुंचा रिश्ता आखिरकार एक सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया। मुरादाबाद की चर्चित आदिला रहमान हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस अब मुख्य आरोपी गुलफाम को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि इस जघन्य हत्या की पूरी साजिश, हथियार, थार कार और शव को ठिकाने लगाने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सके।

कैसे हुआ पूरे मामले का खुलासा?

कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा निवासी पीतल कारोबारी अदिव उर रहमान की बेटी आदिला 25 जून को प्रयागराज में लॉ की परीक्षा देने गई थी। 29 जून को वह फ्लाइट से दिल्ली पहुंची, लेकिन इसके बाद अचानक लापता हो गई। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 17 जुलाई को कटघर थाने में गुमशुदगी और अपहरण की आशंका में रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने जब बेटी के कमरे की तलाशी ली तो वहां से निकाह से जुड़े दस्तावेज और शादी का जोड़ा मिला, जिसमें दूल्हे का नाम कटघर के देवापुर निवासी गुलफाम लिखा था। परिवार का आरोप है कि इसी बीच एक व्यक्ति ने फोन कर बेटी की तलाश न करने की धमकी भी दी थी।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ रिश्ता, अजमेर में निकाह

पुलिस जांच में सामने आया कि आदिला और गुलफाम की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। सामान्य बातचीत से शुरू हुआ रिश्ता प्यार में बदला और दोनों ने अजमेर जाकर कथित रूप से निकाह कर लिया। इसके बाद दोनों नोएडा में किराए के फ्लैट में साथ रहने लगे। बताया जाता है कि आदिला आर्थिक रूप से भी गुलफाम की मदद करती थी और उसके लगभग सारे खर्च उठाती थी। निकाह के बाद उसने गुलफाम को थार कार भी गिफ्ट की थी, शायद उसे नहीं पता था कि यही कार एक दिन उसकी आखिरी यात्रा का गवाह बनेगी।

रुड़की के पास नहर में फेंक दिया शव

पुलिस के अनुसार, 29 जून को दिल्ली एयरपोर्ट से निकलने के बाद आदिला मुरादाबाद की ओर रवाना हुई। रास्ते में गुलफाम उससे मिला और दोनों थार में घूमते रहे। आरोप है कि दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ और देर रात दिल्ली-लखनऊ हाईवे बाईपास के पुराने टोल प्लाजा के पास गुलफाम ने आदिला को गोली मार दी, फिर शव को कार में रखकर रुड़की के पास नहर में फेंक दिया।

अब रिमांड में खुल सकते हैं कई राज

आरोपी गुलफाम पहले से एक अन्य आपराधिक मामले में रामपुर जेल में बंद है, जहां पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करने का दावा किया है। अब पुलिस अदालत से कस्टडी रिमांड लेकर हत्या में इस्तेमाल तमंचा, थार कार और अन्य अहम साक्ष्य बरामद करने की तैयारी कर रही है। साथ ही इस बात की भी जांच हो रही है कि शव को ठिकाने लगाने में गुलफाम अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे।

Sonam Wangchuk का भावुक VIDEO, 26 दिन की भूख हड़ताल के बाद बोले- क्या मुझे ईमानदारी साबित करनी होगी?

शेयर करना
Exit mobile version