उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यूपी रोडवेज की चलती बस में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से चित्रकूट लौट रही रोडवेज बस में बच्ची अपनी मां के साथ सफर कर रही थी। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को मां की गोद से लेकर खिलाने के बहाने घटना को अंजाम दिया। मां की शिकायत के बाद रैपुरा थाना पुलिस ने बस रुकवाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद बस में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें इंजरी सामने आई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है।
मां की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
रैपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ प्रयागराज से रोडवेज बस से घर लौट रही थी। बस में उसकी सीट के पास मानिकपुर के गोविंद नगर मोहल्ला निवासी 46 वर्षीय राजकिशोर बैठा था।
महिला के अनुसार, रास्ते में बातचीत के दौरान आरोपी ने बच्ची को गोद में लेकर खिलाने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए मां के पास पहुंची और दर्द का इशारा करने लगी।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
मां को घटना का अंदेशा होने पर उसने तत्काल बस परिचालक से रैपुरा थाने के सामने बस रुकवाने को कहा। बस थाने पहुंचने के बाद महिला ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
रैपुरा थाना प्रभारी रामसिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



