साउथ सिनेमा के पॉपुलर स्टार्स विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की आगामी बहुप्रतीक्षित पीरियड ड्रामा फिल्म ‘राणाबली’ का आधिकारिक टीज़र रिलीज कर दिया गया है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म की पहली झलक ने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। राहुल सांकृत्यायन के निर्देशन में बनी यह फिल्म मुख्य रूप से रायलसीमा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। टीज़र में ऐतिहासिक काल के संघर्ष और ज़बरदस्त विजुअल्स की एक बेहतरीन झलक देखने को मिलती है, जो दर्शकों को उस दौर में ले जाती है।

बता दें, टीज़र में अभिनेता विजय देवरकोंडा को ‘राणाबली’ के रूप में दिखाया गया है, जो रायलसीमा के एक ऐसे साहसी तेलुगु व्यक्ति के किरदार में हैं जो ब्रिटिश शासन के अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाता है। वहीं, रश्मिका मंदाना इसमें उनकी पत्नी ‘जयम्मा’ के किरदार में नजर आ रही हैं, जो इस कठिन संघर्ष में हर कदम पर उनकी साझीदार बनती हैं। इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अर्नोल्ड वोसलू हैं, जो एक क्रूर ब्रिटिश ऑफिसर ‘सर थियोडोर हेक्टर’ की भूमिका निभा रहे हैं। त्रिभाषीय और भव्य स्तर पर बनाई जा रही इस फिल्म को लेकर सिने प्रेमियों में खासा क्रेज देखा जा रहा है।

यह कहानी 1876-1878 के विनाशकारी मद्रास अकाल के समय की ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित है। यह वह दौर था जब दक्षिणी और पश्चिमी भारत के बड़े हिस्से में गंभीर सूखा पड़ा था, भोजन की भारी कमी थी और तत्कालीन ब्रिटिश प्रशासन द्वारा उचित राहत नहीं पहुंचाई गई थी। ‘राणाबली’ इसी मुश्किल दौर के इतिहास को सामने लाती है और अन्याय के खिलाफ अच्छाई की जीत की दास्तान बयां करती है। फिल्म के शानदार संगीत की जिम्मेदारी अजय-अतुल की प्रसिद्ध जोड़ी ने संभाली है, जबकि इसे मैथरी मूवी मेकर्स के बैनर तले बड़े पैमाने पर प्रोड्यूस किया गया है।

निर्माताओं ने इस फिल्म को इस साल दशहरा के त्योहार के मौके पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बनाई है। फिल्म की रिलीज डेट 16 अक्टूबर तय की गई है। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस बेहद उत्सुक हैं। ऐतिहासिक कथाओं और दमदार अभिनय से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक नया मील का पत्थर साबित हो सकती है।

इस वकील को 900 साल पुरानी शाही जामा मस्जिद के नीचे बौद्धमठ की तलाश है | Meerut | History

शेयर करना
Exit mobile version