उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के दिल्ली स्थित आवास पर एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति, सीट शेयरिंग और गठबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में यूपी कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कांग्रेस नेता इमरान मसूद मौजूद रहे। इसके अलावा विधायक वीरेंद्र चौधरी समेत उत्तर प्रदेश के पांचों सह प्रभारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सबसे अहम मुद्दा उत्तर प्रदेश में सीट शेयरिंग और संभावित गठबंधन की रणनीति रहा। चुनाव से पहले सहयोगी दलों के साथ तालमेल और सीटों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रदेश में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को धार देने पर भी मंथन हुआ।
बैठक में संगठनात्मक बदलाव और पार्टी के ढांचे को मजबूत करने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। PCC यानी प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई टीम के गठन और DCC यानी जिला कांग्रेस कमेटियों के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति को लेकर इस बैठक को अहम माना जा रहा है। पार्टी संगठन को मजबूत करने, चुनावी समीकरण साधने और गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा के बीच आने वाले दिनों में कांग्रेस की आगे की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।


