लखनऊ। उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का भव्य आगाज 14 अगस्त को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम से होने जा रहा है, जबकि इसका ग्रैंड फिनाले 6 सितंबर को कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। इस पूरे सीजन में कुल 34 मैच खेले जाएंगे, जिनमें से 22 मुकाबले लखनऊ और प्लेऑफ समेत 12 मैच कानपुर में होंगे।
टिकट के दाम रहेंगे बेहद किफायती
इस बार क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ी बात टिकटों की सस्ती कीमतें हैं। आयोजकों ने उद्घाटन समारोह और मैच के लिए 4000 टिकटें रियायती दरों पर लॉन्च की हैं। ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दर्शक अपर ब्लॉक की टिकट महज 349 रुपये और लोअर विंग की टिकट सिर्फ 499 रुपये में खरीद सकते हैं। इन टिकटों की बुकिंग ई-डिस्ट्रिक्ट ऐप के जरिए आसानी से की जा सकती है।
उद्घाटन समारोह में क्या रहेगा खास?
14 अगस्त को इकाना स्टेडियम में होने वाला उद्घाटन समारोह बेहद खास होगा। इसमें मशहूर गायक शंकर महादेवन, सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और गायिका जैस्मीन सैंडलस अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में पहली बार एक भव्य ड्रोन शो और आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगा। पूरे कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध एंकर जतिन सप्रू करेंगे। सस्ती टिकटों में बेहतरीन क्रिकेट और शानदार मनोरंजन का यह पैकेज प्रशंसकों के लिए किसी यादगार अनुभव से कम नहीं होगा।



